मोबाइल शोरूम में नकबजनी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

0
71
The cunning suspect who stole the idol from the ancient temple has been arrested.
The cunning suspect who stole the idol from the ancient temple has been arrested.

जयपुर। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में करीब 1500 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपियों को दबोचा। इनके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के मोबाइल फोन, एसेसरीज और नकदी बरामद की गई है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि मालपुरा गेट थाना पुलिस ने मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग के शातिर बदमाश अभिषेक (24), रवि कुमार (30), गुड्डन उर्फ अमित (24) और अंशु (23) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद और मैनपुरी जिले के रहने वाले हैं,जो वारदात से पहले जयपुर और हरियाणा में किराए पर रह रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल दुकानों में नकबजनी करने से पहले संबंधित क्षेत्र में अपने जान-पहचान वालों के पास अस्थायी रूप से किराए का कमरा लेते थे। इसके बाद दिन-रात इलाके की रेकी कर आने-जाने के रास्तों और पुलिस गश्त की जानकारी जुटाते थे। वारदात के समय चेहरे पर मफलर बांधकर नीचे की ओर देखते हुए चलते थे, ताकि सीसीटीवी कैमरों में पहचान न हो सके। चोरी के बाद संकरे रास्तों से निकलकर मुख्य सड़कों पर पहुंच जाते थे।

डीसीपी नैन ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। लगातार दबिशों के बाद चारों आरोपियों को डिटेन कर गिरफ्तार किया गया।

थानाधिकारी उदयभान यादव ने बताया कि 14 जनवरी की रात आरोपियों ने मालपुरा गेट क्षेत्र के बाबा रामदेव मार्केट स्थित एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एसेसरीज और नकदी चोरी की थी। इस संबंध में पीड़ित मयूर हेमनानी ने मालपुरा गेट थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का सफल खुलासा किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here