जयपुर। हरमाड़ा थाना इलाके में पत्थर की खदान में अवैध खनन करते वक्त चट्टान ढहने से दो ट्रैक्टर ट्रॉली समेंत एक मजदूर नीचे दब गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पत्थरों के नीचे दबे मजदूर को बाहर निकाला और पास ही के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
हेड कांस्टेबल निरजंन ने बताया की थाना इलाके में स्थित दादर बावड़ी डूंगरी में पत्थर की खदान है। जहां दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थर भरने के लिए खदान पर गई थी। पत्थर भरते समय अचानक खदान ढह गई और करीब 100 फीट ऊंचाई से चट्टानें तेजी से नीचे आकर गिरने लगी। चट्टानों के बड़े पत्थर ढह कर आते देखकर वहां मौजूद ट्रेक्टर-ट्रॉली के दोनों ड्राइवर व दो मजदूर अपनी जान बचाने के लिए भागे। पत्थर के नीचे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक सरदार मल गुर्जर (34) भी दब गया।
वहां मौजूद साथियों ने तुरंत उसे बाहर निकाला। पत्थर के गिरने से उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हरमाड़ा थाना पुलिस खदान ढहने की सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस चेतक में मौजूद कांस्टेबल राजकुमार ने एम्बुलेंस की मदद से तुरंत घायल ड्राइवर सरदार मल गुर्जर को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। जिसके बाद क्रेन की सहायता से पत्थरों के नीचे दबी दोनो ट्रेक्टर ट्रॉली को भी कुछ घंटों बाद बाहर निकाल लिया गया।




















