जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब एक आरोपी को पकड़ने आई भरतपुर पुलिस की टीम गलती से दूसरे घर में घुस गई। मंकी कैप पहने 4–5 पुलिसकर्मी दीवार और मुख्य गेट कूदकर घर में दाखिल हुए। जिससे परिवार के लोग घबरा गए। घर के एक सदस्य ने उन्हें बदमाश समझकर शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर पुलिसकर्मियों ने खुद को पुलिस बताया।
घटना रात करीब 11:45 बजे जयसिंहपुरा खोर की पंचवटी कॉलोनी की है। भरतपुर पुलिस बिना स्थानीय पुलिस को सूचना दिए लोकेशन के आधार पर आरोपी को पकड़ने पहुंची थी। बाद में सामने वाले मकान में किराए पर रह रहे आरोपी को दबिश देकर पकड़ लिया गया।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पंचवटी कॉलोनी में सरकारी शिक्षक राकेश वर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार रात परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान मंकी कैप पहने चार–पांच लोग दीवार और मुख्य गेट कूदकर घर के अंदर घुस आए।
घर के पोर्च में घूमते हुए उन लोगों को बड़े बेटे ने देख लिया। पूछने पर कोई जवाब नहीं मिला और सभी छिपने लगे। इससे घबराकर बेटे ने शोर मचाया और पूरे परिवार को जगा दिया।
अचानक अनजान लोगों के घर में घुसने से परिवार में दहशत फैल गई। घरवालों ने शोर मचाया और डंडों से मारने की बात कही। इस पर उन लोगों ने बताया कि वे पुलिस से हैं और एक अपराधी को पकड़ने आए हैं। लोकेशन के आधार पर गलती से इस घर में आ गए।
पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी सामने वाले मकान में किराए पर रहता है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर फरार आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी पर चेक बाउंस का मामला दर्ज है।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई भरतपुर जिले के अटल बंध थाना पुलिस द्वारा की गई थी। लोकेशन की गलत जानकारी के कारण पुलिस टीम पड़ोसी के घर में चली गई। डोरबेल नहीं बजने पर दीवार कूदकर अंदर प्रवेश किया गया था। बाद में सही मकान की जानकारी मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।




















