गोविंद देवजी मंदिर में श्रृंगार झांकी के बाद श्रीजी के सन्मुख होगा सरस्वती पूजन

0
50
govind dev
govind dev

जयपुर। आराध्य देव गोविंददेव जी मंदिर में बसंत पंचमी उत्सव शुक्रवार को मंदिर के पाटोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि इस उपलक्ष्य में मंदिर में अनेक धार्मिक आयोजन होंगे। सुबह मंदिर कीर्तनिया एवं परिकर जन मंगल गीत एवं बधाईगान से उत्सव की शुरुआत करेंगे। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में बसंत पंचमी को मंगला झांकी सुबह 4 से 4:15 बजे तक होगी। सुबह 5 से 5:15 बजे तक ठाकुर जी का वेद मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।

मावा पेड़े का भोग अर्पण किया जाएगा। इसके बाद महाआरती के दर्शन होंगे। अभिषेक झांकी बाद ठाकुर श्रीजी को विशेष पीत (पीली) पोशाक एवं अलंकार श्रृंगार धारण कराया जाएगा। धूप झांकी 8:30 से 9.45 बजे तक होगी। धूप झांकी खुलने पर पहले अधिवास पूजन होगा। इसके बाद धूप की आरती होगी।

धूप झांकी में ठाकुर श्रीजी को बेसन के लड्डू का भोग अर्पण किया जाएगा। शृंगार झांकी सुबह 10:15 से 10: 45 बजे तक होगी। शृंगार झांकी के बाद मां भगवती सरस्वती का पूजन जगमोहन मध्य में ठाकुर श्रीजी के सन्मुख होगा। ठाकुर श्रीजी को पांच प्रकार गुलाल, इत्र का अर्पण किया जाएगा। उसके बाद राजभोग की आरती होगी। राजभोग झांकी का समय सुबह 11: 15 से दोपहर 11: 45 बजे तक रहेगा।

उल्लेखनीय है कि करीब 500 वर्ष पूर्व बसंत पंचमी को श्रील रूप गोस्वामी पाद ने ठाकुर श्रीजी का विग्रह गोमाटीला (वृंदावन) में पुन: प्रकट किया था। मूल बंग (बंगला) भाषा में रचित माध्व गौड़ीय संप्रदाय के सर्वमान्य ग्रंथ भक्ति रत्नाकर ग्रंथ के द्वितीय तरंग में स्पष्ट अंकित है कि श्री गोविन्द प्रगटे होइलो रूप द्वारे। अर्थात श्री रूप गोस्वामी पाद ने ठाकुर श्री गोविंद देव जी को प्रगट किया। इस कारण माघ शुक्ल पंचमी के दिन ठाकुर श्री जीऊ का पाटोत्सव (पट्टाभिषेक) अनुष्ठान मनाया जाता आ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here