जयपुर। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह में पदभार ग्रहण किया। अयोध्या में भगवान रामलला की मूर्ति स्थापना के दिन हुए इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व सर्व समाज के लोग शामिल हुए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गोपीचंद मीणा को विधिवत पदभार सौंपते हुए कहा कि मोर्चा सर्व समाज को साथ लेकर आगे बढ़ाने का कार्य करे और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए। उन्होंने सेवा को राजनीति का आधार बनाने का आह्वान किया।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने गोपीचंद मीणा को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजाति समाज के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। भाजपा जनजाति मोर्चा समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में पेपर लीक माफिया पनपा और लाखों युवाओं के साथ धोखा हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में युवाओं के भविष्य से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, विधायक, पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राज्यभर से आए वाहनों के रैलों और जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों ने आयोजन को यादगार बना दिया।




















