जयपुर। विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में बीती रात हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन और आरोपी की पहचान कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार 4 फरवरी की रात करीब 12.05 बजे सूचना मिली कि विद्याधर नगर इलाके में एक तेज रफ्तार वाहन ने राह चलते लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक घायल अमूल पुत्र श्रीकांत की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए वाहन की तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि दुर्घटना कार संख्या RJ-14 CG-6812 से हुई थी। पुलिस ने वाहन को चिन्हित कर कब्जे में ले लिया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (विद्याधर नगर) नरेश कुमार के सुपरविजन में गठित टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अमित चौहान निवासी विद्याधर नगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















