
जयपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर द्वारा अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की तीन दिवसीय शल्य तंत्र (शल्यकोन) कार्यशाला का शुभारंभ गुरुवार से किया गया।
संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने बताया कि स्वर्ण जयंती समारोह के इस ऐतिहासिक अवसर पर 9 फरवरी 2026 (सोमवार) को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा तथा केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)भारत सरकार प्रताप राव जाधव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे। इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य विशिष्ट अतिथिभी उपस्थित रहेंगे। समारोह के दौरान आमजन के स्वास्थ्य हित में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा विकसित विभिन्न आयुर्वेदिक नवाचारों का शुभारंभ किया जाएगा।
स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत 7 फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय कार्यशाला शल्यकोन का आयोजन नेशनल सुश्रुत एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस कार्यशाला में देशभर से आए आयुर्वेद शल्य चिकित्सकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रोफसर के.के. ठकराल, कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर प्रसन्ना एन रॉव, डॉ मुकुल पटेल, प्रोफेसर अजय कुमार गुप्ता, शल्य तंत्र विभागाध्यक्ष प्रो. पी. हेमंता, संयुक्त निदेशक जेपी शर्मा ने किया।



















