जयपुर। करणी विहार थाना क्षेत्र में ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां काली थार जीप के चालक ने पुलिसकर्मी को रौंदने की कोशिश की। ट्रैफिक कांस्टेबल ने फुर्ती दिखाते हुए उछलकर सड़क के दूसरी ओर छलांग लगाई। जिससे उसकी जान बच सकी। आरोपी चालक पुलिसकर्मियों को धमकी देकर थार जीप लेकर फरार हो गया। इस संबंध में ट्रैफिक एएसआई ने थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार करधनी के गोकुलपुरा निवासी सीताराम यादव (57) ट्रैफिक ब्रांच जयपुर में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। 5 फरवरी को उनकी ड्यूटी कॉन्स्टेबल हरि सिंह गुर्जर के साथ गांधी पथ पुलिया के नीचे थी। दोपहर करीब 12 बजे लालरपुरा की ओर से एक काली थार जीप तेज गति और लहराते हुए आई। चालक द्वारा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का इशारा किया। चालक ने बिना सीट बेल्ट लगाए जीप को पुलिसकर्मी के पास लाकर अचानक तेज ब्रेक लगाए और फिर कुछ दूरी तक वाहन पीछे ले गया।
इसके बाद आरोपी ने थार को दोबारा तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए कांस्टेबल हरि सिंह को कुचलने का प्रयास किया। कांस्टेबल ने समय रहते साइड में छलांग लगाकर जान बचाई। इस दौरान सड़क पर मौजूद दो महिलाओं सहित अन्य राहगीरों ने भी भागकर अपनी जान बचाई। भीड़ एकत्र होती देख आरोपी चालक पुलिसकर्मियों को धमकी देता हुआ थार जीप लेकर गलियों में फरार हो गया। एएसआई सीताराम यादव ने बताया कि उक्त थार जीप के खिलाफ पहले भी रफ ड्राइविंग की शिकायतें मिल चुकी हैं। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



















