जयपुर। गायक और संगीतकार हिमेश रेशमिया जनवरी 2027 में अबू धाबी के यास आइलैंड पर होने वाले आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स में अपनी संगीत प्रस्तुति से समां बांधेंगे। वे अपने लोकप्रिय गीतों के साथ नए गीत ‘अफसाना बनाया आपने’ की प्रस्तुति भी देंगे। हिमेश के अनुसार, आईफा के मंच पर वापसी उनके लिए खास है, क्योंकि इस आयोजन से उनका जुड़ाव वर्ष 2006 से रहा है।
हिमेश रेशमिया ने कहा कि आईफा में लौटना उन्हें अपने संगीत सफर के कई यादगार पलों की याद दिलाता है। वर्ष 2006 में उन्होंने आईफा के मंच पर प्रस्तुति दी थी और फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ के लिए आईफा पुरस्कार भी प्राप्त किया था। ऐसे में दोबारा इस मंच का हिस्सा बनना उनके लिए भावनात्मक और महत्वपूर्ण अनुभव है।
उन्होंने कहा कि संगीत कलाकार और दर्शकों के बीच जुड़ाव का माध्यम है। मंच पर पहुंचने के बाद कलाकार के लिए सबसे अहम संगीत को अपनी बात कहने देना होता है। आईफा भारतीय सिनेमा, संगीत और दुनिया भर के दर्शकों के बीच इसी रिश्ते का उत्सव मनाता है। एक बार फिर इस उत्सव का हिस्सा बनने को लेकर वे उत्साहित हैं।
हिमेश ने बताया कि इस बार वे अपने सदाबहार लोकप्रिय गीतों के साथ ‘अफसाना बनाया आपने’ भी प्रस्तुत करने के लिए उत्साहित हैं। यह गीत उनके और अभिनेता इमरान हाशमी के बीच 20 साल बाद फिर से जुड़ाव का अवसर बना है। उन्होंने इसे अपने संगीत सफर का एक खास पड़ाव बताया। अबू धाबी में दर्शकों के सामने इन गीतों को प्रस्तुत करना उनके लिए यादगार अनुभव होगा।
हिमेश ने कहा कि आईफा का मंच उनके करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यहां लौटकर वे उन गीतों का जश्न मनाना चाहते हैं, जो श्रोताओं की यादों से जुड़े हैं। उन्होंने आईफा परिवार से मिले स्नेह का उल्लेख करते हुए कहा कि वे एक बार फिर दर्शकों के साथ संगीत के यादगार पल साझा करने के लिए उत्सुक हैं।
आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 का आयोजन 22 जनवरी को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरीना में होगा। दो दिवसीय आईफा वीकेंड में 22 जनवरी को डिजिटल अवॉर्ड्स और 23 जनवरी को आईफा अवॉर्ड्स आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में भारतीय मनोरंजन जगत की प्रतिभाओं और डिजिटल माध्यमों पर उभरती कहानियों को सम्मानित किया जाएगा।

















