आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 में पंकज त्रिपाठी,अली फजल और अभिषेक बनर्जी करेंगे मेजबानी

0
41
Pankaj Tripathi at the IIFA Digital Awards 2027
Pankaj Tripathi at the IIFA Digital Awards 2027

जयपुर। इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (आईफा) वीकेंड एंड अवॉर्ड्स के 27वें संस्करण के टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। आयोजन 22 और 23 जनवरी 2027 को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरीना में होगा। सोभा रियल्टी प्रस्तुत आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 22 जनवरी को और आईफा अवॉर्ड्स 23 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे।

आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स में अभिनेता पंकज त्रिपाठी, अली फजल और अभिषेक बनर्जी सह-मेजबान होंगे। पंकज त्रिपाठी पहली बार किसी पुरस्कार समारोह की मेजबानी करेंगे। अली फजल ने आईफा के मंच पर लौटने और पंकज त्रिपाठी के साथ कार्यक्रम प्रस्तुत करने को लेकर उत्साह जताया, जबकि अभिषेक बनर्जी ने इसे डिजिटल मनोरंजन जगत की प्रतिभाओं का उत्सव बताया।

समारोह में गायक-संगीतकार हिमेश रेशमिया अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। वर्ष 2006 में आईफा मंच पर प्रस्तुति दे चुके हिमेश को फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ के लिए आईफा पुरस्कार मिला था। इस बार वे अपने लोकप्रिय गीतों के साथ ‘अफसाना बनाया आपने’ भी प्रस्तुत करेंगे। यह गीत अभिनेता इमरान हाशमी के साथ 20 साल बाद उनके जुड़ाव को खास बनाता है।

आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स में ओटीटी और डिजिटल मंचों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलाकारों और रचनाकारों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों में फिल्में, धारावाहिक, अभिनय, निर्देशन, मौलिक कहानियां, वास्तविक घटनाओं पर आधारित और गैर-काल्पनिक कार्यक्रम, वृत्तचित्र श्रृंखलाएं, वृत्तचित्र फिल्में तथा संगीत जैसी श्रेणियां शामिल हैं।

आईफा पिछले 26 वर्षों से भारतीय मनोरंजन को वैश्विक मंच प्रदान करता रहा है। वर्ष 2027 का आयोजन सिनेमा, डिजिटल कहानियों, संगीत और कलाकारों की उपलब्धियों का उत्सव होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here