जयपुर। नारायण विहार थाना में युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपी युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच -पड़ताल शुरु कर दी है।
हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार ने बताया की थाना इलाके में रहने वाले 28 वर्षीय युवक ने मामला दर्ज कराया है कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात एक युवती से हुई थी। एक ही समाज के होने के कारण दोनो के बीच बातचीत होने लगी। युवती ने शादीशुदा होते हुए भी खुद को अविवाहित बताया। इस पर युवक की कुछ दिनों बाद संगाई हो गई।
युवती को जब सगाई के बारे में पता चला तो उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी और एडिट फोटो को सोशल मीडिया पर वायरन करने की धमकी दी।
शातिर युवती ने पीड़ित की सगाई भी तुड़वा दी ओर ब्लैकमेल कर 2 लाख रुपए कैश और 20 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। जिसके बाद युवती 25 लाख का फ्लैट दिलवाने की मांग करने लगी। आए दिन की धमकी से परेशान होकर पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने युवती के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।



















