जयपुर। वन विभाग राजस्थान द्वारा प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 9 व 10 फरवरी 2026 को सचिवालय नर्सरी जयपुर में राज्य स्तरीय वन मेला–2026 का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्घाटन 9 फरवरी को प्रातः 11 बजे वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा करेंगे।
वन मेले में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, औषधीय पौधों तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। मेले में उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, चूरू, करौली, अलवर, टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, जयपुर, कोटा, बारां, प्रतापगढ़, राजसमंद, बीकानेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के वन मंडल, स्वयं सहायता समूह, राजीविका, गैर-सरकारी संगठन तथा अन्य संस्थाएं भाग लेंगी। इसके साथ ही मध्य प्रदेश, नोएडा, मुंबई एवं अन्य राज्यों की सहभागिता भी रहेगी।
मेले में शहद, जामुन, लाख, गोंद, जड़ी-बूटी, औषधीय एवं सुगंधित पौधे, एलोवेरा व हर्बल उत्पाद, बांस व बांस शिल्प, लकड़ी हस्तशिल्प, मिलेट आधारित खाद्य पदार्थ, मसाले, अचार, नीम उत्पाद, जैव उर्वरक, मंडाना जनजातीय कला, बीज-पौध सामग्री, थार क्षेत्र के कैर-सांगरी सहित पंच गौरव उत्पादों का प्रदर्शन व विक्रय किया जाएगा।
आईआईटी जोधपुर एवं बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी सहित शैक्षणिक व अनुसंधान संस्थानों के स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञों द्वारा टॉक शो और संवाद सत्र आयोजित होंगे। यह मेला विद्यार्थियों, शोधार्थियों, प्रकृति प्रेमियों और आमजन के लिए पर्यावरण जागरूकता का महत्वपूर्ण मंच होगा।




















