जयपुर। शतरंज खेल को प्रोत्साहन देने एवं युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सेकंड चेतन प्रताप मेमोरियल रैपिड ओपन चेस टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ रविवार को एसएस जैन सुबोध कॉमर्स एंड आर्ट्स कॉलेज रामबाग जयपुर में आयोजित हुआ।
टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि मधु मोदी, कन्वीनर एसएस जैन सुबोध कॉमर्स एंड आर्ट्स कॉलेज एवं विशिष्ट अतिथि विजय प्रताप सिंह द्वारा प्रतीकात्मक रूप से पहला मूव चलकर किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल 105 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 32 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल ने भी टूर्नामेंट स्थल का भ्रमण किया। उन्होंने खिलाड़ियों एवं आयोजक मंडल से संवाद करते हुए आयोजन की सराहना की तथा शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। श्रीमती एकता जी अग्रवाल ने आयोजकों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों के लिए जब भी आवश्यकता होगी। वे सदैव आयोजकों के साथ खड़ी रहेंगी।
जयपुर जिला शतरंज संघ (जेडीसीए) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में गोल्ड मेडलिस्ट श्रेयांशी जैन एवं तीशा ब्याडवाल की सहभागिता टूर्नामेंट को विशेष गौरव प्रदान कर रही है, जिससे आयोजन का स्तर और अधिक ऊँचा हुआ है। इस अवसर पर मंच संचालन टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डॉ. रवि शर्मा (प्राचार्य, एस.एस. जैन सुबोध कॉलेज) अजय प्रताप सिंह, सूर्य प्रताप सिंह सहित अनेक अभिभावक, गणमान्य अतिथि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




















