मिलावटी पनीर का भंडाफोड़, 650 किलो जब्त कर किया नष्ट

0
181

जयपुर । राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 650 किलो मिलावटी पनीर मौके पर ही नष्ट करवाया। यह कार्रवाई बालाजी की कोठी, चौकड़ी तोपखाना स्थित मदीना डेयरी एंड बेकर्स पर की गई।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर तथा अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल, जयपुर प्रथम ने प्राप्त सूचना के आधार पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में बड़ी मात्रा में पनीर पाया गया।

जांच के दौरान फर्म मालिक मुस्तफा खान से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने पनीर को रामगढ़ (अलवर) से ₹200 प्रति किलो की दर से मंगवाना बताया। साथ ही यह भी स्वीकार किया कि उक्त पनीर तेल और मिल्क पाउडर आदि से तैयार किया गया है, जो खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत पनीर के नमूने जांच के लिए लिए तथा जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शेष करीब 650 किलो मिलावटी पनीर को मौके पर ही नष्ट करवाया।

इस संबंध में अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को लेकर संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया जाएगा तथा नमूना जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here