जयपुर। श्री अमरापुर स्थान में महर्षि सतगुरु स्वामी सर्वानंद महाराज का 130वां पंच दिवसीय जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। उत्सव के तीसरे दिन एकादशी पर मांग्यवास स्थित सतगुरु टेऊँराम गौशाला में गोमाता की पूजा-अर्चना की गई। स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा और आरती कर गौमाता को हरा चारा व फल अर्पित किए। संतों ने श्रद्धालुओं से गोसेवा के लिए अपनी कमाई का कुछ हिस्सा समर्पित करने का आह्वान किया।
संध्या को संत-महात्माओं और संकीर्तन मंडली के सानिध्य में भव्य संकीर्तन हुआ। ठाकुर जी को खीर का भोग लगाया गया और अमरापुर के लड्डू गोपाल का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद भक्तों को खीर का महाप्रसाद वितरित किया गया।
उत्सव के चौथे दिन शुक्रवार सुबह 10 बजे कन्या भोज होगा। इसमें कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन और उपहार भेंट किए जाएंगे। जन्मोत्सव का समापन शनिवार, 24 अक्टूबर को होगा। इस दिन श्री प्रेमप्रकाश ग्रंथ और गीता पाठों का भोग परायण, महाप्रसादी तथा विशाल आम भंडारा आयोजित किया जाएगा। शाम को 130 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और ठाकुरजी को 56 भोग अर्पित कर जन्मोत्सव की पूर्णाहुति होगी।

















