जयपुर। पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने सोमवार को भीलवाड़ा पुलिस लाइन का निरीक्षण किया और संपर्क सभा में जवानों से संवाद किया। संपर्क सभा के दौरान उन्होंने जवानों की समस्याओं को सीधे सुना और पुलिसिंग को हाईटेक बनाने के साथ-साथ पुलिस परिवारों के कल्याण के लिए बड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज और विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस लाइन में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, एमबीसी बैरक से अस्थाई बाथरूम हटाकर बेहतर सुविधाएं दी जाएं और लाइब्रेरी में वाई-फाई व इन्वर्टर की सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
संपर्क सभा में पुलिसकर्मियों से किया संवाद
पुलिस लाइन में आयोजित संपर्क सभा के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नति, मैस डाइट बढ़ाने, सरकारी आवास निर्माण, मोबाइल व मोबाइल भत्ता, प्रशासनिक भवनों की कमी, फास्ट मूविंग वाहनों की आवश्यकता, भर्ती एवं वरिष्ठता संबंधी विसंगतियों पर ध्यान आकृष्ट किया। इसके साथ ही उन्होंने एमबीसी एवं बैंड की पदोन्नति, पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए स्कूलों में कोटा, नए पुलिस जिलों में भवन निर्माण, मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध सशक्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा राजकॉप ऐप में सुधार जैसे विषय प्रमुख रहे।
हेल्थ कैम्प का उद्घाटन हेड कॉन्स्टेबल से करवाया
डीजीपी शर्मा ने भीलवाड़ा पुलिस लाइन में आयोजित हेल्थ चेकअप कैम्प का उद्घाटन वहां मौजूद एक हेड कॉन्स्टेबल से फीता कटवाकर करवाया। इसके पश्चात डीजीपी शर्मा ने कैम्प में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सेवाओं की जानकारी ली तथा स्वयं भी ब्लड प्रेशर की जांच करवाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों में पुलिस कार्मिकों के लिए अधिकाधिक और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उनकी सेहत और कार्यक्षमता दोनों बनी रहें।




















