स्लीपर बस ने स्कूल बस को मारी टक्कर: छह स्कूली बच्चे घायल

0
59

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के फुलेरा थाना क्षेत्र में नागौर-फलोदी मेगा हाईवे पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खतवाड़ी मोड़ के पास अनियंत्रित स्लीपर बस ने पहले 11 हजार केवी के बिजली पोल को टक्कर मारी। जिससे पोल टूटकर वहां खड़ी स्कूल बस पर गिर गया। इसके बाद स्लीपर बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में छह बच्चे घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह एक स्लीपर बस फरीदाबाद से मकराना शादी समारोह में शामिल होने जा रहे यात्रियों को लेकर जा रही थी। उसी समय एक स्कूल बस बच्चों को लेने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी।

सड़क पर बने गड्ढों के कारण जोबनेर की ओर से आ रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराई। टक्कर से पोल टूटकर स्कूल बस पर गिर पड़ा और स्लीपर बस बस स्टैंड पर लगी कुर्सियों में जा घुसी। वहां मौजूद लोगों ने भागकर जान बचाई।

इसके बाद स्लीपर बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मारी और एक पेड़ से टकराकर रुकी। टक्कर लगने से स्कूल बस में सवार छह बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार बारिश के कारण बिजली लाइन में फाल्ट होने से सप्लाई बंद थी। पोल गिरते समय बिजली बंद होने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here