खाटू श्याम मंदिर में आठ दिवसीय लक्खी फाल्गुन मेले का शुभारंभ

0
39
Eight-day Lakkhi Falgun fair begins at Khatu Shyam Temple
Eight-day Lakkhi Falgun fair begins at Khatu Shyam Temple

जयपुर। सीकर जिले के विश्वविख्यात खाटूधाम में बाबा लखदातार श्याम का आठ दिवसीय लक्खी फाल्गुन मेले का शुभारंभ 21 फरवरी से श्रद्धा और उल्लास के साथ हो गया है। मुख्य मेला 27 फरवरी (फाल्गुन एकादशी) को आयोजित होगा। जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

भव्य सजावट से सजा श्याम दरबार

फाल्गुन मेले को दिव्य और आकर्षक बनाने के लिए श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर के सिंहद्वार पर भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि इस बार 120 बंगाली कारीगरों द्वारा भव्य सजावट कराई गई है। परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, ताकि श्रद्धालु बाबा श्याम के साथ सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।

सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था

देशभर से आने वाले श्रद्धालु रींगस डाइवर्जन, चारण मेला मैदान, लखदातार मैदान और 40 फीट नवीन मार्ग से होकर सुगमता से बाबा श्याम के दरबार में पहुंच रहे हैं। राजस्थान पुलिस, प्रशासन और मंदिर कमेटी ने दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

राजस्थान पुलिस के सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंध

राजस्थान पुलिस द्वारा मेले में व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि मेले के दौरान त्वरित सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के साथ ही मोबाइल नंबर 9667600788 जारी किया गया है। दोनों हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 12 पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां से मार्गदर्शन एवं सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

श्रद्धा, व्यवस्था और सुरक्षा का संगम

फाल्गुन मेले में जहां एक ओर भक्ति और उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासन और पुलिस की सतर्क व्यवस्था श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का भरोसा दिला रही है। खाटू धाम में इस समय श्रद्धा, भव्यता और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here