जयपुर। फाल्गुन शुक्ल एकादशी को विश्व प्रसिद्ध खाटू श्यामजी मंदिर की तर्ज पर छोटीकाशी के सभी श्याम मंदिरों में उत्सवी वातावरण रहा। श्याम प्रभु का मन मोहक श्रृंगार कर अखंड ज्योति जलाई गई। भक्तों ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए फाल्गुनी भजनों से रिझाया। रामगंज बाजार के कांवटियों का खुर्रा स्थित प्राचीन श्याम मंदिर में रंगभरी एकादशी महोत्सव भक्तिभाव से मनाया गया। रंग-बिरंगे फूलों से बाबा का श्रृंगार कर अखंड ज्योति प्रज्जवलित की गई। महिलाओं ने भजनों से बाबा को रिझाया।
गलता गेट स्थित मंदिर श्री गीता गायत्री जी श्याम मंदिर में पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में रंग भरी एकादशी महोत्सव हर्षाेल्लास से मनाया गया। मंदिर प्रवक्ता नितीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि इस अवसर पर बाबा श्याम का पंचामृत से अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई गई। गुलाल से रंगी मालाओं से बाबा श्याम का रंग-रंगीला श्रृंगार किया। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से गुंजायमान हो उठा। जगतपुरा, शास्त्रीनगर, झोटवाड़ा, वीकेआई सहित अन्य स्थानों पर स्थित श्रीश्याम मंदिरों में एकादशी पर भजन संध्याओं का आयोजन किया गया।




















