जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर पास स्थित डेकोरेशन और गिफ्ट पैकिंग की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे इंदिरा गांधी नगर इलाके में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और मिट्टी व पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मीयों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान मालिक कपिल खंडेलवाल ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा डेकोरेशन और गिफ्ट पैकिंग का सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि दुकान में दो बड़े और कई छोटे सिलेंडर रखे थे, हालांकि छोटे सिलेंडरों में आग नहीं लगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल और पुलिस के पहुंचने से पहले दिनेश और रवि नामक व्यक्ति फटे हुए सिलेंडरों को वहां से हटाकर फरार हो गए। वहीं थाना प्रभारी ओम प्रकाश मातवा ने सिलेंडर ब्लास्ट की पुष्टि से इनकार करते हुए कहा कि आग डेकोरेशन शॉप में लगी थी और उसके कारणों की जांच की जा रही है। मौके से कोई सिलेंडर बरामद नहीं हुआ है।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अवैध गैस रिफिलिंग की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे कौन-कौन जिम्मेदार है।



















