कड़ी सुरक्षा के बीच जयपुर पहुंचीं कथावाचक जया किशोरी

0
12

जयपुर। प्रसिद्ध कथावाचक और आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी शुक्रवार को जयपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर वे कड़ी सुरक्षा के बीच नजर आईं। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में वे एयरपोर्ट से बाहर निकलीं और बिना रुके अपनी गाड़ी से गंतव्य के लिए रवाना हो गईं।
जानकारी के अनुसार जया किशोरी जयपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आई हैं।

मानसरोवर स्थित एक स्थान पर उनकी कथा का आयोजन होना है। एयरपोर्ट पर उनके साथ सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान प्रशंसकों और यात्रियों में उन्हें देखने को लेकर उत्सुकता दिखाई दी। हालांकि, उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और सीधे रवाना हो गईं।

जया किशोरी देश की चर्चित कथावाचिकाओं, भजन गायिकाओं और आध्यात्मिक वक्ताओं में शामिल हैं। बचपन से ही उनकी रुचि भक्ति संगीत, धार्मिक कथाओं और आध्यात्मिक विषयों में रही है। उन्होंने सात वर्ष की उम्र से ही आध्यात्मिक यात्रा शुरू की थी। धीरे-धीरे भजन गायन और धार्मिक आयोजनों में भागीदारी के जरिए उन्होंने कथावाचन के क्षेत्र में पहचान बनाई।

वे विशेष रूप से श्रीमद्भागवत कथा और नानी बाई रो मायरो के कथावाचन के लिए जानी जाती हैं। उनकी कथा शैली में धार्मिक प्रसंगों के साथ जीवन से जुड़े व्यावहारिक संदेश भी शामिल होते हैं। वे परिवार, संस्कार, सकारात्मक सोच, धैर्य, आत्मविश्वास और जीवन में सही रास्ता चुनने जैसे विषयों पर बात करती हैं। सरल भाषा और सहज शैली के कारण युवा वर्ग भी उनसे जुड़ता है।

आध्यात्मिक प्रवचनों के साथ भजन गायन और प्रेरक संवाद के लिए भी उनकी लोकप्रियता है। उनके कई भजन सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों पर पसंद किए जाते हैं। वर्ष 2024 में उन्हें नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here