जयपुर पुलिस के छह जवानों को मिला ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ सम्मान

0
15

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से उत्कृष्ट, सराहनीय और समर्पित सेवाओं के लिए छह पुलिसकर्मियों को अक्टूबर 2026 के ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने पुलिस आयुक्तालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी चयनित पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जयपुर पुलिस का मुख्य ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ की भावना को साकार करना है। पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान और सम्मान देने से उनका मनोबल बढ़ता है तथा वे जनसेवा के लिए और अधिक प्रेरित होते हैं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि सम्मानित होने वालों में जवाहर सर्किल थाने के कांस्टेबल मनोज कुमार ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी विक्रम मीणा को गिरफ्तार करवाने तथा लूट के मामले में आरोपी तन्मय कुमार पारीक और विवेक सैन को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई।

सिंधी कैंप थाने के कांस्टेबल सतवीर ने मोबाइल चोरी और छीनाझपटी करने वाली गैंग के सरगना मोईन उर्फ शाहरुख सहित मोहम्मद अनस, मोहम्मद गालिब और हसीब मेव को गिरफ्तार करवाया। आरोपियों से चोरी और छीनाझपटी के 20 मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई।

नाहरगढ़ थाने के कांस्टेबल विजय कुमार ने बैग से चोरी हुए 20 लाख रुपये में से 18 लाख 93 हजार रुपये बरामद करवाने और तीन आरोपियों को गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अन्य चोरी के मामलों में आरोपी की गिरफ्तारी, चोरी के वाहन के इंजन और चेसिस नंबर मिटाकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले आरोपी को पकड़ने तथा एक नाबालिग बालिका को दस्तयाब करवाने में भी सहयोग किया।

सांगानेर सदर थाने के कांस्टेबल रामवतार ने महिला की हत्या के ब्लाइंड मामले का खुलासा करने, लूट के मामले में फरार चार इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करवाने तथा सॉफ्टवेयर में सेंध लगाकर करीब दो करोड़ रुपये के जीएस उपकरण चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई।

यातायात उत्तर के कांस्टेबल राजेश कुमार ने वनस्थली मार्ग चौराहे पर रेड लाइट के दौरान ऑटो में बैठी सवारी से एक लाख रुपये से भरा बैग छीनकर भाग रहे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों को पकड़ लिया। उन्होंने रुपयों से भरा बैग संबंधित व्यक्ति को लौटाया और दोनों बदमाशों को मोटरसाइकिल सहित जालूपुरा थाना पुलिस के सुपुर्द किया।

वहीं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (लाइसेंसिंग एवं लीगल) कार्यालय के कांस्टेबल दिनेश कुमार को दीपावली पर आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री के लिए जारी किए गए अस्थायी लाइसेंस से संबंधित कार्य को मेहनत, लगन और ईमानदारी से संपन्न करने के लिए सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (क्राइम) डॉ. रामेश्वर सिंह, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) योगेश गोयल और पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अनुष्ठा कालिया मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here