जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र के पदमपुरा में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर थार सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों ने घर के बाहर पहुंचकर दो-तीन राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान बचने के लिए भाग रही एक महिला की जांघ में गोली लग गई। वारदात के बाद आरोपी थार लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं पीछा करने के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने सवाई माधोपुर जिले के सूरवाल थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति पर फायरिंग की थी। इस मामले में तीनों आरोपियों को राउंडअप किया गया है। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त थार और देसी कट्टा बरामद किया गया है।
थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि पदमपुरा निवासी पिंटू सांसी (26) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि करीब 15-20 दिन पहले वह शिवदासपुरा कस्बे में शराब की दुकान पर गया था। वहां शराब खरीदने की बात को लेकर गणेश कीर से कहासुनी हो गई और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद गणेश कीर अपने साथी शंकर मीणा और गंगू पंडित के साथ मिलकर उसे और उसके परिवार को आए दिन धमकाने लगे। आरोपियों ने जान से मारने की धमकियां भी दीं। तीन-चार दिन पहले उसके छोटे भाई कैलाश के साथ भी आरोपियों ने झगड़ा कर मारपीट की थी।
परिवादी के अनुसार 11 नवंबर की रात गणेश कीर, शंकर मीणा और गंगू पंडित अपने एक अन्य साथी के साथ थार गाड़ी में सवार होकर उसके घर पहुंचे। घर के बाहर आते ही गाड़ी में बैठे बदमाशों ने परिवार पर दो-तीन राउंड फायर किए। इस दौरान बचकर भागने की कोशिश कर रही पिंटू की पत्नी की जांघ में गोली लग गई। हमले के बाद आरोपी थार लेकर मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में टीमें रवाना कीं।
इधर पुलिस टीम आरोपियों का पीछा कर रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि थार सवार बदमाशों ने सवाई माधोपुर जिले के सूरवाल थाना क्षेत्र में भी पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर फायरिंग की है। वहां अमर सिंह नाम के व्यक्ति के पैर में गोली मारकर आरोपी फरार हो गए थे।
सूरवाल थाना पुलिस की सूचना पर नाकाबंदी करवाई गई। इसके बाद बौंली थाना पुलिस ने फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों को पकड़ लिया। सूरवाल थाना पुलिस ने कातिलाना हमले के मामले में तीनों आरोपियों को राउंडअप किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल थार गाड़ी और देसी कट्टा भी बरामद किया है। दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

















