सूने मकान से लाखों के गहने-कैश चोरी

0
9

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना इलाके के मालवीय नगर में दीपावली पर सूने मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ले गया। वारदात के दौरान बदमाश मकान के मुख्य गेट का लॉक तोड़कर अंदर घुसा और महज 20 मिनट में चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

जांच अधिकारी एएसआई मुरारी लाल ने बताया कि मालवीय नगर के डी ब्लॉक निवासी निमिष चतुर्वेदी (54) ने चोरी का मामला दर्ज करवाया है। परिवादी नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करते हैं और उनका परिवार जयपुर में रहता है। दीपावली पर्व के चलते परिवार के सभी सदस्य 2 नवंबर को रिश्तेदारों से मिलने नोएडा चले गए थे। इस दौरान मकान सूना था। आरोप है कि बदमाश ने इसी का फायदा उठाकर घर को निशाना बनाया और लॉक तोड़कर अंदर घुस गया। उसने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली।

परिवादी 12 नवंबर को नोएडा से वापस जयपुर लौटे तो मकान के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे गहने व नकदी गायब थे। जांच करने पर पांच जोड़ी सोने के कान के टॉप्स (एक जोड़ी डायमंड, एक जोड़ी मोती और तीन जोड़ी सोने के), सोने की चार अंगूठियां, सोने की तुलसी माला, सोने का हुक और सोने का पेंडल चोरी होना सामने आया। इसके अलावा चांदी की आठ जोड़ी पायजेब, चांदी की की-रिंग, चांदी के गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, चांदी के 10 सिक्के और 30 हजार रुपए नकद भी गायब मिले।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरी की वारदात सामने आई। फुटेज के अनुसार 11 नवंबर की सुबह करीब 2:30 बजे एक बदमाश मुख्य गेट पर चढ़कर मकान के अंदर घुसा। उसने गेट का लॉक तोड़ा और घर में रखे गहने व नकदी समेट लिए। इसके बाद सुबह करीब 2:50 बजे वह उसी रास्ते से बाहर निकल गया। सूचना पर जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान और तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here