पुलिस के जवानों ने खेली होली: डीजीपी से लेकर सिपाही तक सब एक रंग में रंगें

0
63

जयपुर। होली और धुलंडी पर लगातार दो दिन तक कानून-व्यवस्था संभालने के बाद राजस्थान पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने बुधवार शाम रिजर्व पुलिस लाइन जयपुर में उत्साह के साथ होली मनाई। जहां डीजीपी से लेकर सिपाही तक सब एक रंग में रंगें नजर आए। जहां अधिकारी और कर्मचारी सभी ने जमकर होली खेली।

रंगों के इस आयोजन में पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा, डीजी संजय अग्रवाल और जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल भी जवानों के बीच पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और जवानों का उत्साह बढ़ाया।

लंबी ड्यूटी के बाद मिले इस अवसर पर पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार में भाईचारा और उत्साह बढ़ाने का अवसर देते हैं।

इससे पूर्व ज्योति नगर थाना परिसर में भी सुबह पुलिसकर्मियों ने हर्षोल्लास के साथ होली मनाई। थाना अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं तथा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए।
पुलिस मुख्यालय की ओर से निर्देश जारी किए गए थे कि स्थानीय कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एसपी, रेंज आईजी और पुलिस आयुक्त अपने स्तर पर होली आयोजन का निर्णय लें। इसी के तहत जयपुर सहित विभिन्न जिलों में परिस्थितियों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए गए।

गौरतलब है कि पुलिस बल रविवार सुबह से लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा। धुलंडी के दिन और उसके बाद भी शहर की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। आमतौर पर पुलिसकर्मी होली अगले दिन सुबह मनाते हैं,लेकिन इस बार दो दिन धुलंडी मनाए जाने के कारण आयोजन शाम को रखा गया।

जनता की होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद पुलिसकर्मियों ने आपस में रंगों का उत्सव मनाया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी भावना के साथ पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के साथ-साथ त्योहारों का आनंद भी साझा करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here