ड्यूटी के बाद रंगों में रंगी खाकी: जवानों संग झूमे डीजीपी राजीव कुमार शर्मा

0
61
Khaki painted in colours after duty: DGP Rajiv Kumar Sharma danced with the soldiers
Khaki painted in colours after duty: DGP Rajiv Kumar Sharma danced with the soldiers

जयपुर। प्रदेश में होली और धुलंडी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिन तक कानून-व्यवस्था संभालने के बाद जयपुर में खाकी ने बुधवार शाम चांदपोल स्थित पुलिस लाइन में उत्साहपूर्वक होली खेली।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा पहुंचे। उन्होंने जवानों और अधिकारियों पर पुष्प व गुलाल उड़ाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एडीजी संजय अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, एडिशनल कमिश्नर (अपराध) मनीष अग्रवाल, एडिशनल कमिश्नर (प्रशासन एवं यातायात) योगेश दाधीच, डीसीपी (उत्तर) करण शर्मा, डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

उत्साह का आलम यह रहा कि जवानों ने डीजीपी और एडीजी को कंधों पर उठा लिया और सभी ने जमकर गुलाल उड़ाया। अधिकारी और जवान मस्ती में नाचते-गाते नजर आए। थानों में भी पुलिस स्टाफ ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि होली का पर्व गिले-शिकवे मिटाकर अपनत्व बढ़ाने का संदेश देता है। प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से होली संपन्न होने पर उन्होंने सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और बेहतर पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए अपील की कि युवा नशे से दूर रहें और समाज को भी जागरूक करें। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, जिसमें आमजन का सहयोग आवश्यक है।

इस बार दो दिन धुलंडी मनाए जाने और चंद्रग्रहण के कारण ड्यूटी शेड्यूल प्रभावित हुआ। पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा, जिसके चलते शाम 5 बजे बाद पुलिस लाइन में होली का आयोजन किया गया।

जनता की होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद पुलिसकर्मियों ने आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ रंगों का यह पर्व मनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here