मनचलों की अब खैर नहीं: कालिका ने 2 माह में 157 को भेजा जेल

0
54
There's no mercy for miscreants: Kalika sent 157 people to jail in two months
There's no mercy for miscreants: Kalika sent 157 people to jail in two months

जयपुर। राजधानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन में इस यूनिट ने शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल्स, मॉल्स और पार्कों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखी है। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों (जनवरी और फरवरी) में ही छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने वाले 157 मनचलों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है।

वहीं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की मास्टर ट्रेनर्स ने स्कूलों और कॉलेजों में जाकर बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1,01,759 छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

साथ ही, सार्वजनिक परिवहन जैसे लो-फ्लोर और सिटी बसों में यात्रा करने वाली 36,903 महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। यूनिट ने सुरक्षा को डिजिटल बनाने की दिशा में भी काम किया है। लगभग 16,164 महिलाओं को ‘राजकॉप सिटीजन ऐप’ के बारे में जानकारी देकर उनके मोबाइल में इसे डाउनलोड करवाया गया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि महिलाएं विषम परिस्थितियों में तत्काल सहायता के लिए निर्भया हेल्पलाइन के नंबरों पर लिखित, ऑडियो या वीडियो संदेश भेज सकती हैं। यह हेल्पलाइन 24 घंटे कार्यशील है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here