एमडी और स्मैक सहित चार तस्कर गिरफ्तार

0
59
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.

जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी और स्मैक की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 162.98 ग्राम एमडी, 34.05 ग्राम स्मैक, 9730 रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद मादक पदार्थों की कीमत करीब 22.80 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी टीम ने गलता गेट, खो-नागोरियान और चित्रकूट थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई कर मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ा।
पहली कार्रवाई में गलता गेट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय ऑटोमोबाइल नगर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने विकास (24) और भगत सिंह (25) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 162.98 ग्राम एमडी और एक मोटरसाइकिल जब्त की।

दूसरी कार्रवाई में खो-नागोरियान थाना क्षेत्र में आरोपी अजय सिंह मीणा (24) को गिरफ्तार कर उसके पास से 29.57 ग्राम स्मैक और 9730 रुपए बरामद किए गए। तीसरी कार्रवाई चित्रकूट थाना क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी मनोहर (26) को 4.48 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबार के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

आठ ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

जयपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत भट्टा बस्ती थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्मैक बेचते एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 ग्राम अवैध स्मैक और बिक्री के 1670 रुपए नकद बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर-द्वितीय) बजरंग सिंह शेखावत और सहायक पुलिस आयुक्त शास्त्री नगर सुरेंद्र सिंह के निर्देशन में भट्टा बस्ती थाना प्रभारी दीपक त्यागी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस को राजीव आवासीय क्वार्टर क्षेत्र में स्मैक की अवैध बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी शहादत खान उर्फ गोलू (24) निवासी शहीद इंदिरा ज्योति नगर भट्टा बस्ती को स्मैक बेचते हुए गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8 ग्राम स्मैक और 1670 रुपए की नगद राशि बरामद की गई।

पुलिस आरोपी से स्मैक की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मदन सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here