चेटीचंड पखवाड़ा: 15 मार्च को दशहरा मैदान में लगेगा विशाल सिंधु मेला

0
100

जयपुर। सिंधी समाज के प्रमुख पर्व चेटीचंड के पखवाड़ा कार्यक्रमों के तहत चेटीचंड सिंधी मेला समिति, महानगर जयपुर के तत्वावधान में विशाल सिंधु मेले का आयोजन रविवार 15 मार्च 2026 को शाम 5 बजे से दशहरा मैदान में किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी और महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि मेले का शुभारंभ भगवान भगवान झूलेलाल की मूर्ति के समक्ष अमरपुरा के संत मोनू साईं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा तथा धर्म ध्वजा फहराई जाएगी। इस अवसर पर सिंधी संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने वाले कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मेला प्रमुख विजय बालानी ने बताया कि मेले के मध्य भगवान झूलेलाल का भव्य और मनोहारी मंदिर बनाया जाएगा, जहां श्रद्धालु अपनी आस्था और मनोकामनाएं व्यक्त कर सकेंगे। वरुण अवतार भगवान झूलेलाल जल के देवता माने जाते हैं, इसलिए इस बार विशेष अलौकिक झांकी सजाई जाएगी, जिसमें पानी की बूंदें भगवान झूलेलाल का अभिषेक करती नजर आएंगी। झांकी में फव्वारे चलते दिखेंगे, पर्वत पर भगवान शंकर विराजमान होंगे और पीछे मोर चक्र घूमेगा। वहीं शेरों की हिलती गर्दन बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।

कोषाध्यक्ष दीपक वरंदानी ने बताया कि बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता और सभी के लिए विचित्र वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। महिलाओं के लिए व्यंजन प्रतियोगिता और पल्लव प्रतियोगिता भी रखी गई है। शहर का प्रसिद्ध सुंदर बैंड मधुर स्वर लहरियां बिखेरेगा।

झांकी सचिव रमेश हरपलानी और पखवाड़ा सचिव अर्जुन मेहरचंदानी ने बताया कि मेले में अमरापुर दरबार की ओर से डोडा चटनी, झूलेलाल मंदिर सिंधी कॉलोनी की ओर से मीठे चावल और छोले तथा एक श्रद्धालु की ओर से ब्रेड-छोले का निशुल्क वितरण किया जाएगा। ख्याति प्राप्त कलाकार मनोज मामनानी सिंधी संगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा विभिन्न खानपान की स्टॉल्स लगेंगी और बच्चों के लिए घोड़े की सवारी व झूलों की व्यवस्था भी रहेगी।

समिति के प्रवक्ता तुलसी संगतानी ने बताया कि सामाजिक सरोकार के तहत मेले में अंगदान, नेत्रदान और देहदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नशा मुक्त जीवन का संदेश दिया जाएगा। सिंधी समाज में शादी के बाद नवविवाहित महिलाओं के नाम बदलने की परंपरा पर रोक लगाने का संदेश भी दिया जाएगा। इसी दिन भारतीय सिंधु सभा की ओर से वाहन रैली भी निकाली जाएगी। संयोजक कमल आसवानी और विष्णु देव सामतानी ने बताया कि रैली सुबह 8 बजे त्रिमूर्ति सर्किल से रवाना होकर दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहां मनोज मामनानी द्वारा सिंधी संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी और लॉटरी ड्रा भी निकाला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here