आप ने कसी चुनावी कमर: प्रदेश में 10 हजार सभाएं करने की योजना

0
28

जयपुर। आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रभारी धीरज टोकस और नवनियुक्त सह प्रभारियों के नेतृत्व में शनिवार को जयपुर स्थित पिंक सिटी प्रेस क्लब में पार्टी की राज्य स्तरीय पदाधिकारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश, जिला तथा अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों के साथ राज्य में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में पार्टी नेतृत्व ने निर्णय लिया कि प्रदेश में संगठन विस्तार के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। प्रभारी धीरज टोकस ने बताया कि प्रत्येक सह प्रभारी को 20–20 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में पूरे प्रदेश में 10 हजार से अधिक सभाएं आयोजित कर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी प्रदेश में होने वाले सभी निकाय चुनावों को पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी रणनीति बनाई गई और पार्टी ने राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से प्रदेश में पार्टी को मजबूत किया जाएगा तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here