जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने डीएसटी पूर्व के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की रॉयल इंफिल्ड मोटर साइकिल बरामद करते हुए वारदात के काम में ली गई स्कूटी जब्त की है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से अन्य वाहन चोरी और खरीदारों के बारे में गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त पूर्व संजीव नैन ने बताया कि गत 12 मार्च को परिवादी धर्मपाल ने मामला दर्ज कराया था की उसने अपनी रॉयल मोटरसाईकिल जवाहर नगर स्थित शांति पथ पर खड़ी की थी। कुछ देर बाद आकर देखा तो मोटरसाईकिल गायब मिली।
मामला दर्ज होने के बाद डीएसटी टीम पूर्व ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद शातिर वाहन चोर आदित्य शर्मा (23) निवासी बंधबारेटा ,भरतपुर हाल शिव कॉलोनी ,श्याम नगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटर साईकिल रॉयल इंफिल्ड व वाहन चोरी के काम में ली गई स्कूटी बरामद की है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से अन्य वाहन चोरी और चोरी के वाहन खरीदने वालों के बारे में गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।
ऐसे देता था वाहन चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सुबह स्वीगि में डिलेवरी बॉय का काम करता है और देर रात तक डिलेवरी देता है। आदित्य डिलेवरी देने के पश्चात ही देर रात रॉयल इंफिल्ड चोरी करके ले गया और वैशाली नगर में ले जाकर छुपा दिया और कैब से वापस घटना स्थल पर आया और स्कूटी लेकर अपने घर चला गया। पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त को बुलट मोटर साईकिल चलाने का शौक है। शौक पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।




















