जयपुर। जयपुर परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में 20 से 26 मार्च तक मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में होने वाली श्री शिव पुराण कथा व श्री महामृत्युंजय महायज्ञ से पहले रविवार को 11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और भोले बाबा के जयकारों के बीच निकली यह यात्रा आस्था का अनूठा दृश्य बन गई।
आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे ने बताया कि कलश यात्रा केएल सैनी स्टेडियम से पूजा-अर्चना के साथ रवाना हुई। इसमें महिलाएं एक समान परिधान में सिर पर मांगलिक कलश लेकर चल रही थीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते हुए शामिल हुए। यात्रा में बग्घियां, हाथी, ऊंट-घोड़े और बैंडबाजे का भव्य लवाजमा भी शामिल रहा।
कलश यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। करीब तीन दर्जन स्वागत द्वार बनाए गए और कई स्थानों पर जल सेवा भी की गई। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई वीटी रोड मेला ग्राउंड स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस मौके पर अवधेशाचार्य महाराज गलता , राघवेन्द्राचार्य महाराज सहित कई संत-महंत और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम संरक्षक सत्यनारायण–पुष्पलता बेरीवाल, मुख्य यजमान पुष्पलता–घनश्याम रावत, रेणु–राकेश रावत, संयोजक राजकुमारी–जुगल किशोर डेरेवाला सहित कई यजमान और समाजसेवी भी उपस्थित रहे।
ट्रस्ट के अनुसार 20 से 26 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय कथावाचक भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा अपने मुखारबिंद से शिव पुराण कथा का वाचन करेंगे। कथा के लिए लगभग 4 लाख वर्ग फीट का वाटरप्रूफ पांडाल बनाया जा रहा है, जिसमें करीब एक लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। पांडाल और यज्ञशाला के निर्माण में करीब 400 कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं तथा श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की जा रही है।




















