जयपुर। राजस्थान दिवस के अवसर पर राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी, जवाहर कला केन्द्र और पोद्दार संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ब्रजभाषा साहित्य के संरक्षण, संवर्धन तथा क्षेत्रीय सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक गणेश वंदना से हुआ, जिससे वातावरण आध्यात्मिक एवं मंगलमय हो उठा।
राजस्थान दिवस के अवसर पर राजस्थानी लोक नृत्य पधारो मारो देश की सुंदर प्रस्तुति की गई । इसके पश्चात आकर्षक मयूर नृत्य की प्रस्तुति की गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, कार्यक्रम में विशेष रूप से फूलों की होली का आयोजन किया गया, जिसने पूरे समारोह में आनंद और उत्साह का रंग भर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ब्रजभाषा कवियों का कवि सम्मेलन रहा, जिसमें विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भक्ति, श्रृंगार और लोकजीवन की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
इस अवसर पर ब्रजभाषा के प्रतिष्ठित कवियों एवं साहित्यकारों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान डॉ. लता श्रीमाली एवं डॉ. आनंद पौद्दार ने ब्रजभाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके संरक्षण एवं प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा रहे।




















