झगड़ा शांत कराने आए पड़ोसी पर गोली चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
25
Accused who shot at neighbor attempting to defuse a quarrel arrested.
Accused who shot at neighbor attempting to defuse a quarrel arrested.

जयपुर। कानोता थाना इलाके के इंदिरा गांधी नगर में आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए एक पड़ोसी पर फायरिंग करने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया । वहीं गिरफ्तारी के दौरान भागते समय बाइक फिसलने से आरोपी का एक हाथ और एक पैर टूट गया।

इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से दो देसी कट्टे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं । साथ ही किरायेदार का सत्यापन नहीं कराने पर पुलिस ने मकान मालिक को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि कानोता थाना इलाके के इंदिरा गांधी नगर में आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए एक पड़ोसी पर फायरिंग करने वाले शातिर बदमाश आरोपी आकाश जोगी (19) निवासी करौली को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, डकैती, पोक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे चार गंभीर मामले दर्ज हैं ।

पुलिस अब उससे हथियारों की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है । पुलिस ने आरोपी के मकान मालिक रूप लाल योगी को भी गिरफ्तार किया है । पुलिस के अनुसार, बीट कांस्टेबल द्वारा बार-बार कहने और पुलिस कमिश्नरेट के आदेशों के बावजूद मकान मालिक ने किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं करवाया था । इसके चलते उसके विरुद्ध धारा 223 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है ।

इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही । टीम में उप निरीक्षक सुभाष,कांस्टेबल प्रकाश, मुस्ताक,आनु कुमार, मन्तराम, नेहरू और सुरेश चंद शामिल थे।

थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह ने बताया कि 25 मार्च 2026 की रात इंदिरा गांधी नगर में किराये पर रहने वाले आरोपी आकाश जोगी और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था। शोर सुनकर पास ही रहने वाला दूसरा किरायेदार मनीष शर्मा (40) बीच-बचाव करने पहुँचा और झगड़े का कारण पूछा । इससे गुस्साए आकाश ने मनीष पर फायरिंग कर दी। जिससे गोली मनीष के पैर के निचले हिस्से में जा लगी ।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया । इधर वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बस्सी विनय कुमार और थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई । पुलिस ने करीब दो दर्जन संदिग्धों से पूछताछ की और 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली ।

आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पहले रेलवे स्टेशन और सिंधी कैंप की ओर रुख किया। फिर जगतपुरा की ओर भागा । सुबह पुलिस को उसके खो नागोरियान इलाके में होने की सूचना मिली । जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की तो वह बाइक तेज भागकर सीबीआई फाटक की ओर जाने लगा । इसी दौरान उसकी बाइक स्लिप हो गई और सड़क पर गिरने से वह घायल हो गया ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here