जयपुर। राजधानी के खोह नागोरियान थाना इलाके में सक्रिय चैन स्नैचर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो शातिर स्नैचर्स को दबोचा है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया सोने का ‘जोल्या’ (जन्तर) और वारदात में प्रयुक्त बिना नम्बरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि बुजुर्ग महिला के गले से झपट्टा मार जोल्या तोड़ने वाले रामजीत मीणा (25) निवासी टोडाभीम जिला करौली और नीरज मीणा (22) निवासी हिण्डौन जिला करौली को गिरफ्तार किया है और दोनों आरोपी वर्तमान में इंदिरा गांधी नगर के सेक्टर-13 में रहते है।
थानाधिकारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि 23 मार्च को इंदिरा गांधी नगर निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला हरली देवी ने मामला दर्ज करवाया है कि 22 मार्च को वह अपने घर के सामने स्थित शिव मंदिर में साफ-सफाई करने गई थीं। वहां पहले से बैठे दो अज्ञात युवकों ने मौका पाकर महिला के गले से सोने का जोल्या तोड़ लिया और बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें आरोपियों का हुलिया सामने आया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को डिटेन किया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इस पूरे मामले के खुलासे में कांस्टेबल हरेन्द्र और कांस्टेबल दिनेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















