जयपुर। रामनवमी के पावन पर्व पर गुप्त वृन्दावन धाम में प्रभू श्री राम का स्वागत बड़ी ही धूम धाम से किया गया। पूरा धाम ‘जय श्री राम’ के जयकारे से गुंजायमान हो गया। 27 मार्च को राम लला का जन्मोत्सव मंदिर में पूरी भव्यता के साथ मनाया गया। हजारों लोगों ने भगवान् श्री राम के नाम का उच्चारण करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
रामनवमी के पावन पर्व पर गुप्त वृन्दावन धाम में चार दिवसीय राम कथा का आयोजन किया गया। प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर मंदिर में संध्या में राम तारक यज्ञ का आयोजन हुआ । जिसमें भगवान राम के 108 पवित्र नामों का उच्चारण करते हुए मंत्रों की आहुतियां दी गई। पूरे धाम का वातावरण राम मय हो गया।
गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने राम तारक यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया की इस यज्ञ में भगवान के पवित्र नाम श्री राम अष्टोत्तर का उच्चारण होगा। यह यज्ञ मानव जीवन में सुख,शांति, समृद्धि प्रदान करने वाला है, राम नाम का उच्चारण जीवन की सभी बाधाओं को दूर करता है।




















