11 से 14 अप्रैल तक फुले–अंबेडकर जयंती समारोह

0
58
Phule-Ambedkar Jayanti Celebrations: April 11 to 14
Phule-Ambedkar Jayanti Celebrations: April 11 to 14

जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने महात्मा ज्योतिबा फुले एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को प्रदेशभर में धूमधाम से मनाने के लिए तैयारियों की समीक्षा की। अंबेडकर भवन, जयपुर में आयोजित बैठक में अनुसूचित जाति/जनजाति के प्रबुद्धजनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर कार्यक्रमों को वृहद रूप देने की रूपरेखा तय की गई।

मंत्री ने बताया कि 11 से 14 अप्रैल तक चार दिवसीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इस दिन प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टरों द्वारा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

12 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर के जीवन और संविधान जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। “संविधान को जानें” विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता शुरू की जाएगी, जो 14 अप्रैल तक चलेगी। 13 अप्रैल को छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में अंबेडकर के जीवन पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन तथा स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

14 अप्रैल को जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह जयपुर के भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित होगा, जिसमें भजनलाल शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का वाचन, शपथ ग्रहण, अंबेडकर पुरस्कार वितरण और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा।

गहलोत ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संविधान की महत्ता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से जोड़ना है। कार्यक्रमों में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, स्कूल शिक्षा और स्वायत्त शासन विभाग सहित विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here