जयपुर। पथिक भवन कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित आभार एवं स्वागत समारोह में स्थानीय निवासियों द्वारा मालवीय नगर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कालीचरण सराफ तथा वार्ड 87 की पार्षद प्रतिभा शर्मा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयासों के प्रति स्थानीय निवासियों ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कालीचरण सराफ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बरसात एवं बाढ़ से संबंधित कार्यों के लिए 165 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं,जिससे कि पूरे करतारपुरा नाले को पक्का करने का कार्य किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर वार्ड 87 की पार्षद प्रतिभा शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में तथा विधायक कालीचरण सराफ और महापौर सुनील कोठारी के विकासोन्मुखी प्रयासों से वार्ड 87 में चहुंमुखी प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते हुए वार्ड को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।
समारोह में पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा, जयपुर शहर उपाध्यक्ष व पार्षद ब्रह्म कुमार सैनी,वार्ड 85 के पार्षद प्रेम सिंह बड़ेतिया, पार्षद प्रत्याशी नटवर कुमावत, हेमराज खींची,महेश नगर मंडल अध्यक्ष डीडी सैनी सहित वार्ड 87 के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पथिक भवन कॉलोनी समिति के अध्यक्ष रामपाल मीणा,राहुल मीणा,संदीप शर्मा व स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनहित में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए विधायक व पार्षद प्रतिभा शर्मा का आभार जताया।

















