पुलिस ने डोडा चूरा तस्कर को ट्रक सहित दबोचा

0
106

जयपुर। जिले में चल रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन एंटी वेनम” के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.860 किलोग्राम डोडा चूरा और तस्करी में प्रयुक्त एक बंद बॉडी ट्रक जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश के निर्देशानुसार 1 से 30 अप्रैल 2026 तक “ऑपरेशन एंटी वेनम” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ड्रग्स तस्करों, सप्लायरों और उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रणवीर सिंह और वृत्ताधिकारी शाहपुरा मुकेश चौधरी के सुपरविजन में तथा मनोहरपुर थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

नाकाबंदी में पकड़ा गया ट्रक

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मनोहरपुर टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध अशोक लेलैंड बंद बॉडी ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर चालक सीट के ऊपर बने डैशबोर्ड बॉक्स में रखी पांच सफेद प्लास्टिक थैलियों में डोडा चूरा पाउडर बरामद हुआ।

पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जब्त डोडा चूरा का कुल वजन 4.860 किलोग्राम पाया गया।

तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

मामले में आरोपी 45 वर्षीय मक्खन सिंह पुत्र गुरबक्स सिंह, निवासी करणपुर, थाना पिंजौर, जिला पंचकुला (हरियाणा) को मौके पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में खुलेंगे बड़े राज

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन स्थानों पर सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि इस कार्रवाई से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बंद बॉडी ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here