जयपुर। वरुथिनी एकादशी के पावन अवसर पर मानसरोवर स्थित सदगुरु टेऊँराम गौशाला में सोमवार को संतों द्वारा विशेष गौसेवा की गई। श्री अमरापुर दरबार के पूज्य संतों ने गर्मी को देखते हुए गौमाता को ठंडी तासीर वाले फल—तरबूज, पपीता, खरबूज सहित हरा चारा खिलाकर सेवा की। इस दौरान श्रद्धालुओं में भी सेवा भाव का उत्साह देखने को मिला।
संतों ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में गौमाता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से शीतल प्रभाव वाले फलों का वितरण किया गया, जिससे गौवंश को राहत मिल सके। इसके साथ ही श्री अमरापुर स्थान स्थित गौशाला में भी संतों द्वारा गौमाता को घास एवं फल खिलाकर सेवा की गई।
यह आयोजन सेवा, करुणा और धर्म के प्रति समर्पण का प्रतीक बनकर सामने आया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।




















