जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग द्वारा अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में श्याम नगर स्थित ओबीसी मुख्यालय पर पुष्पांजलि समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ओबीसी कांग्रेस राजस्थान के चेयरमैन हरसहाय यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण में बाबा साहेब का योगदान अतुलनीय है और उनका बनाया संविधान आज भी देश की मजबूती का आधार है।
इस अवसर पर संगठन महासचिव सागर मवार ने कहा कि संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर राष्ट्रीय हित में कार्य करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में करण सिंह खाचरियावास ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता बताई।
संगोष्ठी में रोहिताश जांगिड़, कृष्ण सोलंकी, नरेंद्र मारवाल, अमरचंद मंडावरा, सवेरा टांक, सरिता चौधरी, भारती कुमावत, अरविंद जायसवाल, अंकलेश जाखड़, रजनी महारवाल, इजरार खान, शंकर बाजडोलिया, मनीषा चौधरी और रणजीत भार्गव सहित अनेक पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता, न्याय और संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।




















