दिनदहाड़े मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार

0
33

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने दिनदहाड़े मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए शातिर नकबजन नोसाद अली उर्फ सोनू (32) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य मामलों में पहले से कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदाते खुलने की आशंका जताई जा रही है।

जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि आरोपी नोसाद अली उर्फ सोनू निवासी सांगानेर जयपुर नशे का आदी है। वह नशे की पूर्ति के लिए दिन में सूने मकानों और परिसरों की रैकी करता था। मौका मिलते ही ताले तोड़कर कीमती सामान और नकदी चुरा लेता था।

इसके बाद चोरी का माल कम कीमत पर बेचकर रकम नशे में खर्च कर देता था और उसके खिलाफ शिप्रापथ, मालपुरा गेट, मुहाना, प्रताप नगर, नारायण विहार और खोह नागोरियान थानों में आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी और नकबजनी सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुनील गोदारा, सहायक उपनिरीक्षक जयपाल, सहायक उपनिरीक्षक वीरेन्द्र चौधरी और कांस्टेबल धीरज, बजरंग लाल व सन्नी कुमार शामिल रहे। आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने में कांस्टेबल धीरज और बजरंग लाल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here