एआई से बनाया फर्जी वीडियो वायरल: न्यूज़ चैनल की छवि धूमिल करने का प्रयास

0
124

जयपुर। जयपुर में एआई तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में जयपुर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार आरोपी ने एआई जनरेटेड वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल किया। इस वीडियो में एक प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल के लोगो और एंकर का उपयोग कर भ्रामक कंटेंट तैयार किया गया। जिससे चैनल की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

इस प्रकरण में परिवादी सत्यनारायण शर्मा (45) निवासी शास्त्री नगर जयपुर ने रिपोर्ट दी कि उनके मोबाइल पर फेसबुक के माध्यम से एक फर्जी वीडियो सामने आया। वीडियो में न्यूज़ चैनल का लोगो और बैकग्राउंड इस्तेमाल कर इसे वास्तविक समाचार की तरह प्रस्तुत किया गया, जबकि यह पूरी तरह भ्रामक और असत्य था। कई लोगों ने इसे सच मानकर व्हाट्सएप पर भी साझा कर दिया।

मामले की जानकारी मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराएं 336(4), 340(2), 353(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D और 66E के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर फर्जी या भ्रामक सामग्री का प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here