जयपुर। उंगलियों के इशारे और धागों की डोर से बेजान लकड़ी की कठपुतलियों में जान डालकर उन्हें नचाने वाली जयपुर की सदियों पुरानी कठपुतली कला आज अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। कभी राजघरानों की महफ़िलों की शान रही यह पारंपरिक लोक कला विदेशों में तो दर्शकों को आकर्षित कर रही है। लेकिन अपने ही देश में इसके कद्रदान लगातार कम होते जा रहे हैं। सरकार की अनदेखी और आधुनिक मनोरंजन के बढ़ते साधनों के कारण इस कला से जुड़े परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

राजधानी के कठपुतली नगर में इस संकट का असर साफ दिखाई देता है। इसे कठपुतली कला का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां करीब 1500 कलाकार और कारीगर पीढ़ियों से इस हुनर को जिंदा रखने में जुटे हैं। कई परिवार सात पीढ़ियों से कठपुतलियां बनाने और उनका प्रदर्शन करने का काम कर रहे हैं। इस कला में परिवार के सभी सदस्य अपनी भूमिका निभाते हैं। कुछ कारीगर लकड़ी को तराशकर कठपुतलियों का आकार देते हैं,तो कुछ उनके चेहरों पर बारीकी से रंग भरते हैं। महिलाएं घरों में बैठकर पारंपरिक और रंग-बिरंगी वेशभूषा तैयार करती हैं, जबकि पुरुष धागों के सहारे मंच पर कठपुतलियों का संचालन कर दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। हालांकि सामूहिक मेहनत के बावजूद अब उन्हें उचित आमदनी नहीं मिल पा रही है।

विदेशों में कला का सम्मान, अपने देश में घट रहे कद्रदान
कठपुतली कला से जुड़े कलाकार प्रभु भाट बताते हैं कि वे जर्मनी, इटली, स्पेन, फ्रांस और दुबई सहित कई देशों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्हें हर साल यूरोप में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का अवसर मिलता है। वहां के दर्शक और बच्चे कठपुतली के खेल को लेकर खासे उत्साहित रहते हैं। विदेशी दर्शक केवल प्रदर्शन देखने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि कठपुतलियों के निर्माण और धागों के माध्यम से उन्हें संचालित करने की तकनीक सीखने में भी गहरी रुचि दिखाते हैं।
प्रभु भाट का कहना है कि विदेशों में अपनी कला को मिलने वाला सम्मान देखकर खुशी होती है, लेकिन दुख इस बात का है कि जयपुर और भारत की धरती पर जन्मी इस कला के प्रशंसक अपने ही देश में कम होते जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से कठपुतली कला के संरक्षण और कलाकारों को नियमित रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उनका कहना है कि जिस तरह विदेशों में जयपुर के कलाकारों को बुलाकर इस कला को प्रोत्साहित किया जाता है, उसी तरह राजस्थान और केंद्र सरकार को भी इसे बढ़ावा देना चाहिए, ताकि कलाकारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा न हो।

चार-पांच कठपुतलियां बनाने पर भी नहीं मिलती उचित कीमत
कारीगर राहुल भाट के मुताबिक पिछले 10 से 15 वर्षों में कठपुतली कला के कारोबार में काफी बदलाव आया है। करीब डेढ़ दशक पहले तक इस काम से अच्छी आमदनी हो जाती थी। विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनियां आयोजित होती थीं और वहां कठपुतली के खेल दिखाए जाते थे। शादी-विवाह और जन्मदिन जैसे आयोजनों में भी कलाकारों को बुलाया जाता था। इससे परिवारों को रोजगार मिलने के साथ कला का प्रचार-प्रसार भी होता था।
राहुल बताते हैं कि पहले सरकारें भी इस कला को प्रोत्साहित करती थीं, लेकिन अब ऐसे अवसर लगभग खत्म हो गए हैं। वर्तमान में पूरा परिवार दिनभर मेहनत करके चार से पांच कठपुतलियां तैयार करता है, लेकिन उनकी लागत और श्रम के अनुरूप कीमत नहीं मिलती। ऑनलाइन मंचों और मनोरंजन के नए विकल्पों के कारण लोगों का पारंपरिक कला की ओर रुझान कम हुआ है। उन्होंने सरकार से ऐतिहासिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों और सांस्कृतिक आयोजनों में कठपुतली कलाकारों को नियमित प्रदर्शन के अवसर देने की मांग की, ताकि इस कला को नया मंच और कलाकारों को रोजगार मिल सके।
50 साल से कठपुतलियां बना रही महिला को भी नहीं मिल रहा मेहनत का दाम
कारीगरों की आर्थिक स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि करीब 50 वर्षों से कठपुतलियां बनाने का काम कर रही एक बुजुर्ग महिला को भी अपनी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि एक कठपुतली तैयार करने में करीब 200 रुपये खर्च हो जाते हैं, लेकिन दिनभर मेहनत करने के बावजूद इतनी आमदनी नहीं होती कि परिवार का ठीक से पालन-पोषण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि उनके पिता और दादा भी कठपुतलियां बनाने का काम करते थे। कई पीढ़ियों से परिवार की आजीविका इसी हुनर पर निर्भर रही है। अब उम्र के इस पड़ाव पर दूसरा कोई काम नहीं आता, इसलिए परिवार का जीवनयापन इसी कला से होने वाली कमाई पर निर्भर है। उन्होंने सरकार से इस पारंपरिक विरासत को बचाने और कारीगरों को आर्थिक संबल देने के लिए विशेष प्रयास करने की अपील की।
पर्यटकों की पसंद बनी कठपुतली, कारोबारियों की अलग-अलग राय
कठपुतली नगर के कारीगरों की परेशानी के बीच शहर के बाजारों में कठपुतलियों की बिक्री को लेकर कारोबारियों के अनुभव अलग-अलग हैं। बड़ी चौपड़ के सामने कठपुतली बेचने वाले राम मीणा का कहना है कि कठपुतली कला के प्रति लोगों का रुझान भले ही कम हुआ हो, लेकिन उनकी दुकान पर बिक्री में कोई खास कमी नहीं आई है। देशी और विदेशी पर्यटक यहां आते हैं तथा यादगार के तौर पर अलग-अलग आकार और कीमत की कठपुतलियां खरीदकर ले जाते हैं।
वहीं इसी क्षेत्र में दुकान चलाने वाले कारोबारी रामस्वरूप रावत का मानना है कि समय के साथ कठपुतली के कारोबार पर असर पड़ा है। उनके अनुसार ऑनलाइन गेम और मोबाइल के बढ़ते चलन से बच्चों और युवाओं की रुचि पारंपरिक कला से दूर हुई है। पहले जगह-जगह प्रदर्शनियां लगती थीं और लोग उत्साह से कठपुतली का खेल देखने पहुंचते थे, लेकिन अब वैसा माहौल नहीं रहा। बड़ी चौपड़ पर देशी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही जारी है, लेकिन पहले की तुलना में कठपुतलियों की बिक्री कम हुई है।
कुल मिलाकर जयपुर की कठपुतली कला आज दोहरी चुनौती से जूझ रही है। विदेशों में इस कला को सराहना और सम्मान मिल रहा है, लेकिन अपने ही शहर में इसे पर्याप्त मंच और बाजार नहीं मिल पा रहा। कलाकारों का मानना है कि यदि सरकार ने प्रदर्शन के नियमित अवसर, बाजार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो सात पीढ़ियों से चली आ रही यह अनमोल लोक विरासत धीरे-धीरे इतिहास के पन्नों तक सिमट सकती है।

















