जयपुर। भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव रविवार को विभिन्न सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा। जिसमें राजस्थान ब्राह्मण महासभा की विभिन्न इकाईयों के सदस्य मौजूद रहेंगे।
राजस्थान ब्राह्मण महासभा की विभिन्न इकाइयों की ओर से भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर अनेक सेवा कार्य किए जाएंगे। शनिवार को जन्मोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। राजस्थान ब्राह्मण महासभा जयपुर महानगर महामंत्री शिव कुमार भारद्वाज ने बताया कि महासभा की खंड इकाई रामगढ़ मोड़ की ओर से आमेर रोड गुर्जर घाटी स्थित कादंबरी माता मंदिर में सुबह दस बजे से भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
महामंत्री जगदीश नारायण शर्मा ने बताया कि पूजन के बाद महाआरती होगी। राजस्थान ब्राह्मण महासभा इकाई आगरा रोड गोनेर रोड की ओर से आगरा रोड स्थित प्रेमनगर पुलिया सर्विस रोड उत्तर पर सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक राहगीरों और आम जनता को शर्बत पिलाया जाएगा। अध्यक्ष हनुमान सहाय शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व इकाई के कार्यालय में वेद मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम जी का पूजन किय जाएगा।
राजस्थान ब्राह्मण महासभा इकाई हीरापुरा के अध्यक्ष प्रो. भगवान सहाय शर्मा, संरक्षक आर डी शर्मा के नेतृत्व में महासभा के हीरानगर कार्यालय में भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महासभा के तत्वावधान में 23 अप्रेल को जलेब चौके से गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।




















