क्लब में चल रहा था अवैध हुक्का बार: पुलिस ने छापा मार किया मैनेजर को गिरफ्तार

0
110
Illegal Hookah Bar Operating at Club: Police Raid and Arrest Manager

जयपुर। राजधानी में नाइट क्लबों और अवैध हुक्का बारों के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है । रविवार को महेश नगर थाना पुलिस ने स्वेज फार्म स्थित ‘बियॉन्ड राउफ हाउस’ क्लब पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हुक्का सामग्री जब्त कर क्लब मैनेजर को गिरफ्तार किया है ।

डीसीपी अपराध संजीव नैन ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन में शहर के इंडोर क्लबों और अवैध हुक्का बारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी कड़ी में महेश नगर पुलिस ने सूचना के आधार पर ‘बियॉन्ड राउफ हाउस’ क्लब में दबिश दी । पुलिस ने मौके से 21 हुक्के, 21 चिलम, 40 रबड़ पाइप और विभिन्न कंपनियों के तम्बाकू फ्लेवर के 14 बड़े व 4 छोटे डिब्बे बरामद किए हैं ।

इस मामले में पुलिस ने क्लब के मैनेजर वैभव पटेल (29) निवासी सुभाष चौक को गिरफ्तार किया है । इसके अलावा पुलिस ने मौके पर मौजूद 05 अन्य व्यक्तियों के कोटपा के तहत चालान भी काटे हैं ।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध अधिनियम 2000 और सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद (राजस्थान संशोधन) अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज किया है । पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध हुक्का बारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ।

पुलिस अब इन क्लबों के लाइसेंस रद्द करने के लिए नगर निगम को पत्र लिखेगी ।इसके अलावा पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन थाना क्षेत्रों में अवैध हुक्का बार चलते पाए जाएंगे, वहां के संबंधित पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here