मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: 9,731 लीटर खाद्य तेल और 225 किलो घी सीज

0
35

जयपुर। त्योहारी सीजन में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीम ने वीकेआई क्षेत्र में 9,731 लीटर मल्टी सोर्स खाद्य तेल और कुकड़खेड़ा स्थित हेजल ट्रेडिंग कंपनी से 225 किलो घृतम ब्रांड घी सीज किया। वहीं शास्त्री नगर की डेयरी एवं मिठाई निर्माण इकाइयों में गंदगी मिलने पर 30 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 25 किलो खराब क्रीम नष्ट करवाई गई।

अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने सीकर रोड स्थित वीकेआई के स्कीम नंबर-4 में बी.एन. एग्रीटेक लिमिटेड के प्लॉट नंबर 301, 302 और 303 का निरीक्षण किया। यहां ‘प्रो इम्यूनिटी’, ‘प्रो फिटनेस’ और ‘प्रो एनर्जी’ नाम से अंकित मल्टी सोर्स खाद्य तेल के तीन वेरिएंट के नमूने लिए गए। शेष 9,731 लीटर तेल सीज कर दिया गया। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

वहीं शास्त्री नगर स्थित शर्मा पनीर उद्योग और सुभाष नगर शॉपिंग सेंटर के बालाजी पनीर हाउस के निरीक्षण में दूध के डिब्बों और खाद्य निर्माण उपकरणों पर गंदगी मिली। परिसर में मक्खियां, बिखरा कचरा और खाली थैलियां भी पाई गईं। खाद्य लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं था और कर्मचारियों के चिकित्सा जांच प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले।
टीम ने मावा, मिल्क केक, पनीर और घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। साथ ही 30 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 25 किलो खराब क्रीम नष्ट करवाई गई।

इसके अलावा कुकड़खेड़ा स्थित हेजल ट्रेडिंग कंपनी से घी का नमूना लेकर 225 किलो घृतम ब्रांड घी सीज किया गया। इसके नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को नियमित साफ-सफाई, उपकरणों के कीटाणुशोधन, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए। विभाग के अनुसार, अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार या अनुचित तापमान पर रखे गए दूध, मावा, पनीर और मिल्क केक जैसे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों से उल्टी, दस्त और अन्य खाद्य जनित बीमारियों का खतरा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here