आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते आरोपी गिरफ्तार

0
40

जयपुर। जालूपुरा थाना पुलिस जयपुर ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसमें लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब-किताब मिला है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि आईपीएल मैचों में सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त द्वितीय बजरंग सिंह के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली राजेन्द्र कुमार मीणा के पर्यवेक्षण में जालूपुरा थाना प्रभारी हवा सिंह मंगावा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।

गश्त और निगरानी के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छोटी मस्जिद के पास स्थित एक मकान में दबिश दी, जहां आरोपी मनीष खंडेलवाल (50) निवासी विद्याधर नगर को आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए पकड़ा गया। आरोपी अपने मोबाइल में allpanelexch9.co एप के जरिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के मैच पर करीब 6.04 लाख रुपए की लाइन लेकर सट्टा खिला रहा था।

जांच में आरोपी के मोबाइल के व्हाट्सएप में कई लोगों के साथ लाखों रुपए के लेन-देन और सट्टे से संबंधित चैटिंग भी मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला संख्या 73/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) एवं आरपीजीओ एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में डीएसटी जयपुर उत्तर के एसआई साबिर सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सट्टा नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here