जयपुर। मालपुरा गेट थाना इलाके में तंग रास्ते से गुजर रहीं तेज रफ्तार कार तीन बाइकों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। इस हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। व्यापारियों और राहगीरों ने कार सवारों को रोक कर विरोध किया तो कार सवार बदमाश मारपीट पर उतर आए। जिसके बाद वो तेज रफ्तार कार दौड़ा कर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर कार सवार बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
थानाधिकारी उदयभान यादव ने बताया कि सांगानेर के बाजार का रास्ता काफी सकड़ा और यहा आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शनिवार देर शाम दुकानों के बाहर खड़ी दो -तीन बाइक कार से थोडा टच हो गई। जिसका विरोध करने पर कार सवार युवकों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। वीड़ियों क्लिपिंग के आधार पर कार सवार युवकों की तलाश की जा रहीं है।
गौरतलब है कि सांगानेर स्थित गोविन्द विहार निवासी जोगेन्द्र सहित अन्य लोगों ने मामला दर्ज कराया है। पीड़ित जोगेंद्र का आरोप है कि शनिवार शाम करीब साढ़े 7 बजे वह इंडिया गेट के शताब्दी नगर स्थित मार्केट में किसी काम से गए थे।मार्केट में एक घुमाव पर स्विफ्ट कार की वजह से जाम लगा हुआ था। लोगों ने टोका तो युवक कार से उतरकर लाठी-डंडे निकालकर धमकाने लगे। इसके बाद मारपीट कर भाग गए।
भागते समय उनके साथी ने ओवर स्पीड में कार को दौड़ाया, जिससे सड़क किनारे खड़ी तीन बाइक को टक्कर मार दी। एक बाइक सवार पति-पत्नी (जोगेन्द्र-बीना) चपेट में आए गए। बाजार में एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में कार सवारों की पूरी करतूत कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर कार सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है।



















