जेईएन भर्ती पेपर लीक: एसओजी के हत्थे चढ़ा एक और मास्टरमाइंड

0
52
JEN Recruitment Paper Leak: Another Mastermind Nabbed by SOG
JEN Recruitment Paper Leak: Another Mastermind Nabbed by SOG

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 के पेपर लीक मामले में गिरोह के एक सक्रिय सदस्य भीम सिंह को गिरफ्तार किया है। जो अभ्यर्थियों को टैबलेट पर पेपर पढ़वाकर लाखों की वसूली करता था। फिलहाल एसओजी की टीम आरोपित से पूछताछ कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 के पेपर लीक मामले में गिरोह के एक सक्रिय सदस्य भीम सिंह (46)निवासी धीरपुर (अलवर) हाल बानसूर जिला कोटपुतली—बहरोड को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने आरपीएफ से वीआरएस लेने के बाद बानसूर में कोचिंग और जयपुर में ऑनलाइन कंप्यूटर लैब का संचालन कर रखा था।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रश्नपत्र लीक करने के बाद उसे अभ्यर्थियों को पढ़ाने के लिए सैमसंग टैबलेट और एप्पल आईपैड जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करता था। आरोपी भीम सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रयुक्त टैबलेट अपनी पुत्री को दे दिया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी भीम सिंह और उसका साथी भूपेन्द्र सारण (जो पूर्व में आरपीएफ में साथ थे) मिलकर अभ्यर्थियों से प्रति पेपर 25 से 30 लाख रुपए वसूलते थे। यह राशि गैंग के सदस्यों में बांट दी जाती थी। आरोपी मोबाइल के बजाय टैबलेट का उपयोग करता था ताकि एक साथ कई अभ्यर्थियों को पेपर पढ़ाया जा सके।

आरोपी भीम सिंह का पेपर लीक से पुराना नाता रहा है। वह पूर्व में भी कनिष्ठ अभियंता भर्ती-2020, सीएचओ भर्ती-2020, राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2022 और हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती जैसी प्रमुख परीक्षाओं के पेपर लीक प्रकरणों में शामिल रह चुका है और गिरफ्तार भी हुआ है।

एसओजी अब तक इस गिरोह के सरगना जगदीश बिश्नोई, गणपत मालवाड़ा, अनिल उर्फ शेर सिंह मीणा, भूपेन्द्र सारण, गणपत लाल और सुरेश को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य फोकस इस बात पर है कि प्रश्न पत्र किस स्रोत से लीक हुआ और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here